
स्थान – लालकुआ

ब्यूरो रिपोट

लालकुआं। शहर के गौला रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर शनिवार शाम उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब रेलवे गेटमैन द्वारा अचानक बैरियर गिराए जाने के दौरान एक व्यापारी के ई-रिक्शा से टकराकर फाटक का पोल टूट गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन कर दिया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब 6:15 बजे रेलवे फाटक के नीचे से गुजर रहे एक टुकटुक (ई-रिक्शा) के निकलते समय अचानक बैरियर गिरा, जिससे वह टकराकर टूट गया। आरोप है कि गेटमैन ने बिना देखे तेजी से फाटक बंद कर दिया।

बैरियर टूटते ही गेटमैन ने दौड़कर ई-रिक्शा चालक को पकड़ लिया। इसी दौरान आसपास के व्यापारी भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने गेटमैन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। व्यापारियों का कहना था कि वाहन लगभग पूरी तरह निकल चुका था और थोड़ी सावधानी बरती जाती तो हादसा टल सकता था।

विरोध के दौरान व्यापारी नेता संजय जोशी और गेटमैन के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। आरोप है कि कहासुनी के बीच मारपीट भी हुई, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट और सभासद भुवन पांडे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने रेलवे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा किया।


व्यापारियों का आरोप था कि गेटमैन अक्सर बिना यह देखे कि वाहन पूरी तरह पार हुए या नहीं, तेजी से बैरियर गिरा देते हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से गेटमैन की कार्यशैली की जांच की मांग की।
हंगामे के चलते रेलवे फाटक लगभग सवा सात बजे तक पूरी तरह बंद रहा। इस दौरान सड़क के दोनों ओर सैकड़ों वाहन कतार में खड़े हो गए और कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सामान्य हो सका।
अंततः व्यापारी नेताओं ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। हालांकि व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि रेलवे प्रशासन ने इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

