पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में पौड़ी में बजट पूर्व संवाद

पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में पौड़ी में बजट पूर्व संवाद

स्थान -पौड़ी गढ़वाल

ब्यूरो रिपोट

जनपद पौड़ी के रांसी स्थित बहुउद्देश्यीय भवन में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में बजट पूर्व संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने आगामी बजट को लेकर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में प्रदेश के अलग-अलग जनपदों से आए जनप्रतिनिधि, कृषक, उद्यमी, व्यापारी, महिला समूहों की सदस्याएं, पर्यटन व्यवसायी, मत्स्य पालक, कृषि वैज्ञानिक और स्थानीय निकाय प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और अपेक्षाओं को विस्तार से रखा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य ऐसा जनहितकारी बजट तैयार करना है, जो प्रदेश की जमीनी आवश्यकताओं और क्षेत्रीय विशेषताओं के अनुरूप हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार सभी वर्गों की राय को गंभीरता से ले रही है।

उन्होंने कहा कि बजट केवल आय-व्यय का दस्तावेज नहीं होता, बल्कि विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण का रोडमैप होता है। इस रोडमैप में प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि संतुलित और समावेशी विकास हो सके।

मुख्यमंत्री ने संवाद में शामिल होकर सुझाव देने वाले सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पर्यटन, कृषि, महिला स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों की अपेक्षाओं को बजट में प्राथमिकता दी जाएगी।

स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि जनसहभागिता के आधार पर तैयार होने वाला बजट ही प्रदेश के समग्र विकास की मजबूत नींव बनेगा। उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों की विशेष परिस्थितियों को ध्यान में रखने की जरूरत बताई।

विधायक ने पर्यटन, कृषि, लघु उद्योग और आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं को मजबूत करना समय की मांग है।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आगामी बजट जनअपेक्षाओं के अनुरूप होगा और पौड़ी सहित पूरे प्रदेश के संतुलित विकास को नई दिशा देगा। संवाद कार्यक्रम को प्रदेश में सहभागितापूर्ण बजट निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।