महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का खिताब भारत ए ने जीता

महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का खिताब भारत ए ने जीता

रविवार को बैंगकॉक में महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का फाइनल मुकाबला भारतीय टीम के नाम रहा। भारत ए ने 20 ओवर में सात विकेट पर 134 रन बनाए, जबकि जवाब में बांग्लादेश की टीम 19.1 ओवर में केवल 88 रन पर सिमट गई। भारत ने यह मुकाबला 46 रन से जीतकर लगातार दूसरी बार यह खिताब अपने नाम किया।

टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। शुरुआत में भारतीय टीम थोड़ी कमजोर रही और 44 रन पर 4 विकेट गंवा दिए। वृंदा दिनेश ने 19 रन, नंदीनी कश्यप और अनुष्का शर्मा ने 8-8 रन बनाए, जबकि मिनू मणी बिना खाता खोले आउट हो गईं।

भारत की पारी को तेजल हसबनीस और कप्तान राधा यादव ने संभाला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी की। राधा यादव ने 30 गेंदों पर 3 चौकों और 1 छक्के की मदद से 36 रन बनाए, जबकि तेजल हसबनीस ने 34 गेंदों पर 2 छक्के और 3 चौकों की मदद से नाबाद 51 रन बनाकर टीम को 7 विकेट पर 134 रन तक पहुंचाया।

बांग्लादेश की तरफ से कप्तान फाहिमा खातून ने 4 ओवर में 25 रन देकर 4 विकेट लिए। फरजाना एसमिन और फातिमा जहान सोनिया ने 1-1 विकेट लिए।

135 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती दिखी और 19.1 ओवर में 88 रन पर ढेर हो गई। शमिमा सुल्ताना ने 20 और सरमिन सुल्ताना ने 18 रन बनाए। कप्तान फाहिमा खातून ने 14 रन का योगदान दिया।

भारत की ओर से प्रेमा रावत ने 3, सोनिया मेंधिया और तनुजा कंवर ने 2-2, जबकि सायमा ठोकर और मिनू मणी ने 1-1 विकेट लिए। इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने लगातार दूसरी बार महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स का खिताब अपने नाम किया।

यह टूर्नामेंट भारत की महिला क्रिकेट टीम के लिए एक और गौरवशाली उपलब्धि साबित हुआ और टीम की आगामी प्रतियोगिताओं में उत्साह बढ़ाने वाला रहा।