
स्थान : बाजपुर
ब्यूरो रिपोट

ऊधम सिंह नगर में चोर-पुलिस जैसा एक नजारा रियल लाइफ में देखने को मिला, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस हिरासत में न्यायालय में पेशी के लिए लाया गया एक आरोपी अचानक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। हालांकि तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे दोबारा पकड़ लिया।


जानकारी के अनुसार थाना केलाखेड़ा पुलिस ने ग्राम टांडा डालचंद निवासी अमित सिंह पुत्र कल्लू सिंह को चाकू के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपी को पेशी के लिए बाजपुर न्यायालय लाया गया था।

बताया जा रहा है कि अदालत परिसर के पास मौका पाकर आरोपी पुलिस हिरासत से निकलकर भाग खड़ा हुआ। अचानक हुई इस घटना से पुलिस कर्मियों के हाथ-पांव फूल गए और उन्होंने तुरंत उसका पीछा शुरू किया।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दृश्य बिल्कुल फिल्मी अंदाज में था—आगे-आगे आरोपी और पीछे-पीछे पुलिस कर्मी दौड़ते नजर आए। भागता हुआ आरोपी एक खाली मैदान की ओर पहुंच गया, जहां कुछ युवक वॉलीबॉल खेल रहे थे।

पुलिस के अनुरोध पर मैदान में मौजूद युवकों ने भी सहयोग किया और आरोपी की घेराबंदी कर उसे पकड़ने में मदद की। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आरोपी को दोबारा हिरासत में लेकर न्यायालय परिसर लाया गया।


मामले पर स्वपन किशोर एसपी काशीपुर ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की जानकारी उन्हें मिली है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपी को सुरक्षित दोबारा हिरासत में ले लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

