श्यामपुर लालढांग मेडिकल एसोसिएशन की बैठक में नशा मुक्ति पर जोर

श्यामपुर लालढांग मेडिकल एसोसिएशन की बैठक में नशा मुक्ति पर जोर

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोट

हरिद्वार में श्यामपुर लालढांग मेडिकल एसोसिएशन की ओर से हरिद्वार-नजीबाबाद मार्ग स्थित एक होटल में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में दवाओं के सुरक्षित रखरखाव, सरकारी नियमों के पालन और समाज को नशा मुक्त बनाने के संकल्प पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने मेडिकल स्टोर संचालकों को नारकोटिक एवं नशीली दवाओं के सुरक्षित भंडारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संचालक अपने स्टॉक रजिस्टर को नियमित रूप से अपडेट रखें।

ड्रग इंस्पेक्टर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अभिलेखों के संधारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में श्यामपुर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक मनोज रावत ने भी शिरकत की। उन्होंने मेडिकल संचालकों से नशा मुक्ति अभियान में पुलिस और प्रशासन को सहयोग देने की अपील की।

उन्होंने कहा कि मेडिकल स्टोर संचालक युवाओं को नशे की लत से बचाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। यदि संदिग्ध गतिविधि की जानकारी समय पर पुलिस को दी जाए तो नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।

एसोसिएशन अध्यक्ष मनोज कुमार ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए चिकित्सा क्षेत्र की गरिमा बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने सभी सदस्यों से नशे के दुरुपयोग के खिलाफ सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

बैठक में डॉ. बी.के. विश्वास सहित कई मेडिकल संचालक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर समाज को नशा मुक्त बनाने और नियमों के सख्त पालन का संकल्प लिया।