कालाढूंगी फायरिंग कांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

कालाढूंगी फायरिंग कांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

स्थान – कालाढूंगी

ब्यूरो रिपोट

कालाढूंगी। क्षेत्र में हाल ही में हुई फायरिंग और मारपीट की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर की गई।

पुलिस के अनुसार 14 फरवरी की रात डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि बैलपोखरा तिराहे के पास कुछ लोगों के बीच विवाद के दौरान फायरिंग हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

मौके पर पहुंचकर पुलिस ने वीडियोग्राफी कराई और घटनास्थल से खोखे बरामद किए। मामले में पीड़िता बलजीत कौर की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने लगातार सुरागरसी और दबिश देते हुए 20 फरवरी को गडप्पू बैरियर के पास से गुरप्रीत सिंह, रंजीत सिंह और मनदीप सिंह उर्फ मंगा को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते उन्हें मौके पर बुलाया गया था, जहां कहासुनी के बाद गाली-गलौज और मारपीट हुई और फिर फायरिंग की गई।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल, एक .22 बोर तमंचा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गुरप्रीत से देशी पिस्टल और कारतूस, रंजीत से पिस्टल व कारतूस तथा मनदीप से तमंचा बरामद हुआ।

इसके अलावा घटनास्थल से कई खोखे भी मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

घटना के सफल अनावरण पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।