भगत सिंह चौक अंडरपास में जलभराव से बढ़ी परेशानी

भगत सिंह चौक अंडरपास में जलभराव से बढ़ी परेशानी

स्थान -हरिद्वार

ब्यूरो रिपोट

हरिद्वार। शहर के भगत सिंह चौक के पास बने अंडरपास में हर साल बारिश के दौरान जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले लेती है। बारिश होते ही अंडरपास पानी से लबालब भर जाता है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

सबसे ज्यादा परेशानी रानीपुर मोड़ से सिडकुल की ओर जाने वाले हजारों कर्मचारियों को उठानी पड़ती है। अंडरपास बंद होने की स्थिति में उन्हें लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ता है, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार अनजान बाइक सवार अंडरपास में घुस जाते हैं। पानी की गहराई का अंदाजा न होने के कारण वाहन बंद हो जाते हैं और हादसे का खतरा बढ़ जाता है।

बारिश के मौसम में यह समस्या हर साल दोहराई जाती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

इस संबंध में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि रानीपुर मोड़–भगत सिंह चौक अंडरपास में वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या के समाधान के लिए सिंचाई विभाग के साथ बैठक की गई है।

उन्होंने कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए विस्तृत योजना तैयार कर प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि अंडरपास में जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में बारिश के दौरान लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

प्रशासन की इस पहल से स्थानीय लोगों और सिडकुल क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।