
स्थान -उत्तरकाशी

ब्यूरो रिपोट

उत्तरकाशी। जनपद उत्तरकाशी के स्थापना दिवस के अवसर पर रेणुका देवी मंदिर प्रांगण में आयोजित होने वाले पारंपरिक मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसे लेकर ब्लॉक सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार ने की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आयोजन समिति के सदस्यों ने मेले की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की।


ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि यह मेला जनपद स्थापना दिवस का प्रतीक है और क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करता है। उन्होंने सभी से मेले के सफल आयोजन के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

उन्होंने बताया कि सात दिनों तक चलने वाले इस मेले में जनपद के छोटे-बड़े सभी कलाकारों को मंच दिया जाएगा। स्थानीय लोक संस्कृति, लोकनृत्य और लोकगायन को विशेष महत्व दिया जाएगा।

मेले में क्षेत्र की विभिन्न देव डोलियों को भी आमंत्रित किया जाएगा, जिससे धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल और अधिक भव्य बनेगा। इससे क्षेत्रीय परंपराओं को बढ़ावा मिलेगा।

बैठक में निर्णय लिया गया कि विभिन्न विभागों द्वारा जनसेवा से जुड़े स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों पर आधार कार्ड, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर सहित अन्य सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

आयोजन समिति ने सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल और यातायात व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत चर्चा की। अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए।
मेले को लेकर क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है। आयोजन समिति को उम्मीद है कि इस बार का स्थापना दिवस मेला सांस्कृतिक और सामाजिक दृष्टि से यादगार साबित होगा।

