
स्थान -देहरादून

ब्यूरो रिपोट

देहरादून। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पलटन बाजार और घंटाघर क्षेत्र का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान बाजारों की स्थिति, यातायात व्यवस्था और पुलिस की मौजूदगी का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने प्रमुख बाजारों में पुलिस विजिबिलिटी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति से अपराधों पर अंकुश लगेगा और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।


अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शाम के समय नियमित पैदल गश्त सुनिश्चित की जाए। खासकर व्यस्त समय में पुलिसकर्मी संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहें।

एसएसपी ने बेतरतीब पार्किंग पर सख्त नाराजगी जताते हुए चालानी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गलत पार्किंग से यातायात बाधित होता है और जाम की स्थिति बनती है।

अतिक्रमण की समस्या पर भी चर्चा हुई। एसएसपी ने नगर निगम के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि बाजारों में रास्ते सुचारू रह सकें।

पीक ऑवर्स के दौरान क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों को स्वयं मौके पर मौजूद रहने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की मौजूदगी से व्यवस्थाओं की निगरानी बेहतर ढंग से हो सकेगी।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय व्यापारियों से भी संवाद किया गया और उनकी समस्याएं सुनी गईं। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में व्यवस्था सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

