
स्थान -सल्ट

रिपोटर -गोविन्द रावत

सल्ट: फायर सीजन के दौरान वनाग्नि की घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से सल्ट विकास खंड के सकनणा क्षेत्र में वन विभाग द्वारा वनाग्नि मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह मॉक ड्रिल अतिरिक्त भूमि संरक्षण वन प्रभाग रामनगर के प्रभागीय वनाधिकारी मनीष जोशी के निर्देशन में संपन्न हुई।


मॉक ड्रिल के दौरान वन विभाग की टीम, फायर वाचरों और स्थानीय ग्रामीणों की संयुक्त टीम ने निर्धारित वन क्षेत्र में लगी काल्पनिक आग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए हेक्टेयर क्षेत्र में फैली आग पर सफलतापूर्वक नियंत्रण पाने का अभ्यास किया। इस दौरान आग बुझाने की विभिन्न तकनीकों, उपकरणों के उपयोग और टीम समन्वय का प्रदर्शन किया गया।

प्रभागीय वनाधिकारी मनीष जोशी ने कहा कि फायर सीजन में सतर्कता और त्वरित प्रतिक्रिया अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने वनकर्मियों व फायर वाचरों को आग लगने की स्थिति में प्राथमिक सूचना तंत्र, सुरक्षा उपायों और सामूहिक प्रयासों की महत्ता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही स्थानीय लोगों से अपील की कि वे जंगलों में आग लगाने जैसी गतिविधियों से बचें और किसी भी घटना की सूचना तुरंत विभाग को दें।


वन क्षेत्राधिकारी बच्ची सिंह बजेठा ने कहा कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल से विभागीय कर्मचारियों की तैयारी और क्षमता का आकलन होता है तथा वास्तविक परिस्थितियों में बेहतर समन्वय स्थापित करने में सहायता मिलती है।

वन विभाग ने सभी उपस्थित लोगों को वन संरक्षण और आग से बचाव के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर चाय विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष महेश्वर सिंह मेहरा, ब्लॉक प्रमुख सल्ट कंचन रावत, विभिन्न वन क्षेत्राधिकारी, प्रभारी थाना अध्यक्ष जय प्रकाश सिंह सहित वनकर्मी, जनप्रतिनिधि, वन पंचायत सरपंच और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।


