
स्थान -बाजपुर

ब्यूरो रिपोट

बाजपुर: ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर क्षेत्र में वन विभाग की टीम पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है।

जिले के नवनियुक्त एसएसपी अजय गणपति ने जानकारी देते हुए बताया कि 17 फरवरी को बरहैनी वन प्रभाग के वन दरोगा ठाकुर दत्त ध्यानी ने कोतवाली बाजपुर में तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया कि 14 फरवरी की रात जंगल गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि दलजीत सिंह उर्फ डल्लू अपने कुछ साथियों के साथ पेड़ काटने के औजार और अवैध असलहे लेकर जंगल की ओर गया है।


सूचना पर वन विभाग की टीमें अलर्ट हो गईं। सुबह करीब 5:45 बजे ग्राम अस्कोट संपर्क मार्ग पर पांच मोटरसाइकिल सवार दिखाई दिए, जिन पर खैर की लकड़ी लदी हुई थी। टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो बाइक सवार असंतुलित होकर गिर पड़े और लकड़ी के नग जमीन पर बिखर गए। इसी दौरान दलजीत सिंह उर्फ डल्लू और उसके साथियों ने वन कर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

घटना के बाद कोतवाली बाजपुर में दलजीत सिंह समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने 18 फरवरी की देर रात बरहैनी क्षेत्र से मुख्य आरोपी दलजीत सिंह डल्लू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया और बताया कि उसने बंदूक जंगल में छिपा रखी है।


आरोपी की निशानदेही पर हरसान कपकोट रोड के पास झाड़ियों से एक 12 बोर की बंदूक बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक नरेश चौहान, एसएसआई विक्रम धामी, बरहैनी चौकी इंचार्ज संदीप शर्मा, एसआई धीरेंद्र परिहार, हेड कांस्टेबल दीपक और सुरेश बिष्ट सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

