

स्थान : भीमताल
ब्यूरो रिपोर्ट

नैनीताल जिले की भीमताल विधानसभा से विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को ओखलकांडा ब्लॉक के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने लिगडानी, पतलिया, हरीनगर, खुजेठी, भीड़ापानी, पनतोली, नाई, चकदलाड, महतोली सहित कई गांवों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।


दौरे के दौरान ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। कैबिनेट मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।



मंत्री राम सिंह कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग (PWD) और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अधिकारियों को आपदा से क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में सड़क संपर्क सुचारु बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने बताया कि जिन गांवों तक अभी सड़क सुविधा नहीं पहुंची है, उन्हें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) फेज-4 में शामिल कर भारत सरकार को प्रस्ताव भेज दिए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति मिलने के बाद इन गांवों को भी सड़क संपर्क से जोड़ने का कार्य शुरू किया जाएगा।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम छोर पर खड़े प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का समयबद्ध लाभ मिल सके और ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित हो।

दौरे के अंत में मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि क्षेत्र की प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए सरकार और प्रशासन प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने अधिकारियों को जनता से नियमित संवाद बनाए रखने और विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए भरोसा दिलाया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे।



