

स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : संजय जोशी

जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नवनियुक्त 42 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके कंधों पर भावी पीढ़ी के निर्माण की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने शिक्षकों से अपने दायित्वों का निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश के उन अग्रणी राज्यों में शामिल है, जहां उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण, संस्कारयुक्त और रोजगारोन्मुखी शिक्षा पहुंचाना है।



डॉ. रावत ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में किसी भी सरकारी विद्यालय को बंद नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी गांव में केवल एक छात्र भी अध्ययनरत होगा, तब भी वहां विद्यालय का संचालन जारी रहेगा। सरकार दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों के बच्चों को भी बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


उन्होंने बताया कि प्रदेश के लगभग 22 हजार विद्यालयों में शौचालयों के निर्माण सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इसके अलावा भिक्षावृत्ति जैसी परिस्थितियों में जीवनयापन करने वाले बच्चों के पुनर्वास और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम पर छात्रावास स्थापित किए गए हैं।

शिक्षा मंत्री ने नवनियुक्त शिक्षकों से कहा कि वे केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रहें, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संस्कार और चरित्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत की मजबूत आधारशिला है।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. धन सिंह रावत ने डायट परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ उनका संरक्षण करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर मेयर अजय वर्मा, दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, ललित लटवाल, डायट के प्राचार्य, शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, नवनियुक्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



