
स्थान -नैनीताल

ब्यूरो रिपोट

नैनीताल: उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर राज्यभर में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने और कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से वृहद सत्यापन अभियान ‘ऑपरेशन क्रैकडाउन वेरिफिकेशन ड्राइव’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विभिन्न आश्रमों, होम स्टे, हॉस्टल, प्रतिष्ठानों और शैक्षणिक संस्थानों में रह रहे किरायेदारों, श्रमिकों, निजी नौकरी करने वाले बाहरी व्यक्तियों एवं संदिग्ध लोगों का सत्यापन किया जा रहा है।


इसी क्रम में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी द्वारा सभी थाना और चौकी प्रभारियों को 15 फरवरी 2026 से एक माह तक सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

जनपद में बाहरी व्यक्तियों की आपराधिक गतिविधियों में संभावित संलिप्तता को देखते हुए एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चन्द्र और एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के नेतृत्व में पुलिस टीमों द्वारा व्यापक चेकिंग अभियान संचालित किया जा रहा है।


अभियान के तहत नैनीताल पुलिस ने 56 होटल और ढाबों की जांच की तथा 335 लोगों का सत्यापन किया। अनियमितता पाए जाने पर 53 लोगों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई और कुल 25,750 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ‘ऑपरेशन क्रैकडाउन’ के तहत सत्यापन और चेकिंग की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।


