
स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

सरोवर नगरी में 124वां श्री नंदा-सुनंदा देवी महोत्सव 16 से 23 सितंबर तक श्री राम सेवक सभा के तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव को भव्य रूप देने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों की श्रृंखला पूरे आठ दिनों तक चलेगी।


नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन एवं श्री राम सेवक सभा के पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी ने मीडिया से बातचीत में महोत्सव की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि 16 सितंबर को महोत्सव का विधिवत उद्घाटन होगा और इसी दिन कदली वृक्ष लेने के लिए श्रद्धालुओं का दल मंगोली रवाना होगा।



17 सितंबर को कदली वृक्ष का सूखाताल और तल्लीताल स्थित वैष्णव देवी मंदिर में स्वागत एवं पूजन किया जाएगा। इसके बाद विशाल जुलूस के साथ कदली वृक्ष का नगर भ्रमण कराया जाएगा। 18 सितंबर को देवी प्रतिमाओं का निर्माण शुरू होगा और दोपहर में स्कूली बच्चों के लिए क्विज तथा लोकगीत प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।


19 सितंबर को नंदा अष्टमी के अवसर पर ब्रह्म मुहूर्त में देवी प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी। इसके बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे और विधिवत पूजा-अर्चना शुरू होगी। इसी दिन से महोत्सव के प्रमुख धार्मिक अनुष्ठानों का दौर भी शुरू हो जाएगा।

19 से 22 सितंबर तक प्रतिदिन शाम 6:30 बजे पंचआरती, प्रसाद वितरण, देवी पूजन और देवी भोग का आयोजन होगा। इसके साथ ही श्री राम सेवक सभा प्रांगण और तल्लीताल डांट में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
20 सितंबर को नवमी के अवसर पर दुर्गा सप्तशती पाठ, हवन और कन्या पूजन होगा। वहीं 21 सितंबर को डीएसए मैदान में दोपहर एक बजे से महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।



22 सितंबर को सुंदरकांड और नंदा चालीसा का पाठ किया जाएगा। शाम सात बजे नैनी झील में दीपदान कार्यक्रम होगा। 23 सितंबर को देवी पूजन के बाद दोपहर 12 बजे भव्य डोला नगर भ्रमण पर निकलेगा और शाम को ठंडी सड़क स्थित पाषाण देवी मंदिर के समीप मूर्तियों का विसर्जन किया जाएगा।
इस वर्ष महोत्सव में स्कूली बच्चों की झांकियां, छोलिया दल, स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां और स्थानीय महिलाओं का ‘झोड़ा’ प्रमुख आकर्षण रहेगा। बैठक में अध्यक्ष मनोज साह, महासचिव जगदीश बवाड़ी, उपाध्यक्ष अशोक साह, प्रबंधक विमल चौधरी, डॉ. ललित तिवारी, आनंद सिंह बिष्ट, भीम सिंह कार्की, राजेंद्र लाल साह, कमलेश ढौंडियाल, मोहित साह, देवेंद्र लाल साह, भुवन बिष्ट, हरीश राणा सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

