बंद खाद फैक्ट्री में छिपा रखी थीं चोरी की बाइकें, आरोपी गिरफ्तार

बंद खाद फैक्ट्री में छिपा रखी थीं चोरी की बाइकें, आरोपी गिरफ्तार

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिडकुल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी निशानदेही पर कई अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं।

एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर 14 सितंबर को पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान किबरी चौक के पास तेज रफ्तार से आ रहे एक बाइक सवार को पुलिस ने रोककर पूछताछ और वाहन की जांच की।

जांच के दौरान मोटरसाइकिल चोरी की पाई गई। इसके बाद पुलिस ने बाइक सवार को हिरासत में लेकर उससे कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें वाहन चोरी से जुड़े अन्य मामलों की जानकारी भी सामने आई।

पुलिस के अनुसार आरोपी की निशानदेही पर बंद पड़ी पुरानी खाद फैक्ट्री में छापा मारा गया। यहां झाड़ियों के बीच चोरी की मोटरसाइकिलें छिपाकर रखी गई थीं।

तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से कुल आठ मोटरसाइकिलें और एक बाइक के पार्ट्स बरामद किए। पुलिस ने सभी वाहनों को कब्जे में लेकर उनके संबंध में जांच शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान करीब 30 वर्षीय श्रवण निवासी दौलतपुर, थाना बहादराबाद के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से वाहन चोरी की घटनाओं में संलिप्त था।

पुलिस का कहना है कि आरोपी सिडकुल, रानीपुर और बहादराबाद क्षेत्र से मोटरसाइकिलें चोरी करता था और उन्हें बंद पड़ी फैक्ट्री में छिपाकर रखता था। बरामद वाहनों को लेकर संबंधित थानों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ हरिद्वार और देहरादून में पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जांच करने के साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि वाहन चोरी के इस नेटवर्क में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं।