
स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड में बाहरी राज्यों से आने वाली अनधिकृत और डग्गामार बसों के साथ ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। वीकेंड पर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद देहरादून संभाग में दो दिवसीय विशेष इंटर डिस्ट्रिक्ट चेकिंग अभियान चलाया गया।


आरटीओ प्रवर्तन डॉ. अनीता चमोला ने बताया कि 12 और 14 सितंबर को चलाए गए अभियान के दौरान विभिन्न मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की गई। टीमों ने यात्री बसों के साथ मालवाहक और अन्य वाहनों के दस्तावेजों तथा नियमों के अनुपालन की पड़ताल की।




अभियान के दौरान कुल 210 वाहनों के चालान किए गए। गंभीर अनियमितताएं मिलने पर 22 बसों और अन्य वाहनों को सीज किया गया। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से नियमों का उल्लंघन कर वाहन चलाने वालों में हड़कंप की स्थिति रही।


विशेष अभियान को निष्पक्ष और प्रभावी बनाने के लिए परिवहन विभाग ने टीमों की अदला-बदली भी की। इसका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर संभावित सांठगांठ को रोकना और कार्रवाई में पारदर्शिता बनाए रखना बताया गया।


अभियान के तहत देहरादून की परिवहन टीम को रुड़की क्षेत्र में चेकिंग के लिए भेजा गया। वहीं ऋषिकेश की टीम ने हरिद्वार में मोर्चा संभाला, जबकि हरिद्वार और रुड़की की टीमों को देहरादून क्षेत्र में तैनात किया गया।

जांच के दौरान कई प्राइवेट बसों में परमिट, फिटनेस, बीमा और टैक्स से संबंधित दस्तावेज अधूरे पाए गए। नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।


इसके साथ ही क्षमता से अधिक माल और सवारी ढोने वाले वाहनों पर भी शिकंजा कसा गया। वाहनों की बॉडी में अवैध बदलाव और खतरनाक तरीके से माल ढुलाई करने वाले मालवाहक वाहनों के खिलाफ भी चालान और सीज की कार्रवाई की गई।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अनधिकृत संचालन, ओवरलोडिंग और बिना जरूरी दस्तावेजों के वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग ने वाहन संचालकों से परमिट, फिटनेस, बीमा और टैक्स समेत सभी नियमों का पालन करने की हिदायत दी है।

