दो साल से फरार लूट का वांछित आरोपी गिरफ्तार

दो साल से फरार लूट का वांछित आरोपी गिरफ्तार

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

लूट के मामले में करीब दो साल से फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को हल्द्वानी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हीरानगर चौकी पुलिस ने न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट की तामील करते हुए आरोपी को उसके घर से दबोचा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जिलेभर में वांछित और वारंटी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत हीरानगर चौकी पुलिस को यह सफलता मिली।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय कुमार पुत्र कुन्दन राम, निवासी वार्ड नंबर एक, डाक बंगला बन्दोबस्ती, कालाढूंगी, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र करीब 25 वर्ष बताई गई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ फौजदारी वाद संख्या 851/2022 में भारतीय दंड संहिता की धारा 392 और 411 के तहत मुकदमा दर्ज है। वह मामले में लंबे समय से पुलिस और न्यायिक प्रक्रिया से बचता फिर रहा था।

आरोपी के लगातार फरार रहने के कारण न्यायालय की ओर से उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था। इसके बाद पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही थी।

वारंट की तामील के लिए हीरानगर चौकी पुलिस ने आरोपी के संभावित पते पर दबिश दी। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने घर पर मौजूद मिला, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ न्यायालय के आदेश के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में फरार और वांछित आरोपियों की धरपकड़ का अभियान लगातार जारी रहेगा।

आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में हीरानगर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संजीत राठौड़, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल गिरीश और कालाढूंगी से कांस्टेबल अमनदीप शामिल रहे।