उत्तराखंड में अगले तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में ऑरेंज चेतावनी जारी

उत्तराखंड में अगले तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में ऑरेंज चेतावनी जारी

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

मानसून के सक्रिय दौर के बीच उत्तराखंड में मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों को येलो अलर्ट पर रखा गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और पौड़ी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं प्रदेश के अन्य सभी जिलों में भी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट रखा गया है।

28 जुलाई को भी प्रदेश में मौसम का यही रुख बना रहने की संभावना है। इस दिन उत्तराखंड के आठ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि चार जिलों को येलो अलर्ट पर रखा गया है। मौसम विभाग ने इस दौरान तेज बारिश, जलभराव और भूस्खलन जैसी परिस्थितियों को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।

29 जुलाई को भी मौसम के तेवर तल्ख रहने की संभावना जताई गई है। इस दिन देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और चमोली समेत छह जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के कारण सड़क मार्ग प्रभावित होने और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।

इस समय चारधाम यात्रा भी संचालित हो रही है, ऐसे में प्रशासन ने यात्रियों से मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यात्रा करने की अपील की है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा खराब मौसम में अनावश्यक जोखिम न उठाएं।

प्रशासन ने आपदा प्रबंधन तंत्र को भी अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, सड़क मार्गों की स्थिति पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।