दिल्ली–रुड़की हाईवे पर चलती कार में लगी आग, बड़ा हादसा टला

दिल्ली–रुड़की हाईवे पर चलती कार में लगी आग, बड़ा हादसा टला

स्थान -रूड़की

ब्यूरो रिपोट

रुड़की: दिल्ली–रुड़की राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब चलती ऑल्टो कार में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि फायर स्टेशन रुड़की की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

शनिवार देर शाम करीब सात बजे फायर स्टेशन रुड़की को सूचना मिली कि दिल्ली रोड पर होटल पेसिफिक के पास एक ऑल्टो कार में आग लग गई है। सूचना मिलते ही दो दमकल वाहन मौके के लिए रवाना किए गए। दमकल कर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचते ही तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया।

दमकल विभाग की सूझबूझ से कार के पेट्रोल टैंक को फटने से बचा लिया गया, अन्यथा बड़ा विस्फोट हो सकता था। हालांकि आग की चपेट में आने से वाहन के टायर, सीटें, वायरिंग, इंजन और कार में रखा सामान पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।

कार स्वामी संजय मंगलौर से रुड़की एक शादी समारोह में जा रहे थे। होटल पेसिफिक के पास अचानक कार से धुआं निकलता देख उन्होंने वाहन को तुरंत सड़क किनारे रोककर बाहर निकलने में समझदारी दिखाई। कुछ ही पलों में कार ने विकराल रूप ले लिया।

सूचना पर कोतवाली मंगलौर पुलिस भी मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की तत्परता के चलते किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिसे बड़ी राहत माना जा रहा है।