
स्थान -देहरादून

ब्यूरो रिपोट

देहरादून/ऋषिकेश: आगामी चारधाम यात्रा को सरल, सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि है और धनाभाव किसी भी व्यवस्था में बाधा नहीं बनने दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने विभागों को निर्देश दिए हैं कि जहां भी आवश्यकता हो, जिला प्रशासन गेप फंडिंग के माध्यम से संसाधन उपलब्ध कराएगा।


24 घंटे रजिस्ट्रेशन सुविधा
यात्रियों की सहूलियत के लिए ऋषिकेश में 30 तथा विकासनगर में 20 काउंटरों पर 24 घंटे रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही मोबाइल टीमें भी तैनात रहेंगी, ताकि किसी भी श्रद्धालु को परेशानी का सामना न करना पड़े।

हेल्पलाइन और कंट्रोल रूम होंगे सार्वजनिक
होटल, धर्मशालाओं और आश्रमों के दूरभाष नंबरों के साथ कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर भी सार्वजनिक किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी यात्री सुविधा केंद्र सुसज्जित हों तथा शटल सेवा के साथ होल्डिंग एरिया में पेयजल, शौचालय और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहें।

मेडिकल सुविधाओं पर विशेष फोकस
चारधाम यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। टेस्टिंग किट, पर्याप्त एंबुलेंस और विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आपात स्थिति में त्वरित उपचार मिल सके।


वाहनों की फिटनेस अनिवार्य
यात्रा में संचालित होने वाले सभी वाहनों की फिटनेस अनिवार्य होगी। ग्रीन कार्ड के साथ परिवहन विभाग पर्याप्त संख्या में यात्रा वाहनों की व्यवस्था करेगा।

15 अप्रैल तक सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने 15 अप्रैल तक समस्त तैयारियां पूर्ण करने के आदेश दिए हैं। यात्रा व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी के लिए नोडल और सेक्टर अधिकारियों की तैनाती के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
प्रशासन का कहना है कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं का ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना के साथ भव्य और व्यवस्थित स्वागत किया जाएगा।

