प्रदेश में ई-मेल के जरिए धमकी देने वालों की कुंडली खंगालेगी  पुलिस

प्रदेश में ई-मेल के जरिए धमकी देने वालों की कुंडली खंगालेगी पुलिस

स्थान -हल्द्वानी

ब्यूरो रिपोट

हल्द्वानी। धमकी प्रकरण में कोई सुराग नहीं मिलने की स्थिति में अब पुलिस इस तरह के पुराने मामलों की फाइल फिर से खोलने की तैयारी में है। यह पुलिस की जांच का एक अहम हिस्सा माना जा रहा है। माइक्रोसाॅफ्ट को आईपी एड्रेस के लिए भेजे गए ई-मेल का जवाब भी आ गया है। हालांकि इसके बारे में पुलिस अधिकारी कुछ भी कहने से बच रहे हैं।

पुराने फाइल में नितिन शर्मा नाम के युवक का भी रिकॉर्ड है। उसे 2023 में नैनीताल पुलिस ने आंध्र प्रदेश से पकड़ा था। उसने नैनीताल पुलिस के इंस्टाग्राम पर नैनीताल को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। पुलिस उससे पूछताछ कर सकती है। इसी क्रम में प्रदेश में पिछले चार वर्षों में ई-मेल के जरिये दी गई धमकी के मामलों के लिए अन्य जिलों की पुलिस से भी संपर्क करने की तैयारी है।

आईपी वी 6 का किया था इस्तेमाल
नैनीताल स्थित जिला कोर्ट और हाईकोर्ट को ई-मेल के जरिये संदेश भेजकर बम से उड़ाने की धमकी देने वाले तक पहुंचना पुलिस के लिए मुश्किल बनता जा रहा है। जब इंटरनेट का उपयोग करके कोई वारदात होती है तो पुलिस कड़ी से कड़ी से जोड़ने के लिए आईपी एड्रेस, वीपीएन, सर्विस प्राेवाइडर से सबूत हासिल करती है। यहां ऐसा कुछ भी नहीं है। इस प्रकरण में जांच टीमें भी अंधेरे में ही तीर चला रहे हैं। अब तक की जांच में सामने आया है कि ई-मेल भेजने वाले ने आईपी वी4 की जगह अत्याधुनिक आईपी वी6 का इस्तेमाल किया है। इसके अलावा जिस यूजर ने ई-मेल भेजा है उसका आईपी एड्रेस तक पुलिस को नहीं मिल पाया है।

ई-मेल भेजने वाले की तलाश में जांच तेजी से हो रही है। अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। माइक्रोसाफ्ट को जो मेल भेजा गया था उसका जवाब आया है। उसके जरिये भी जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। मेल कहां से भेजा गया था और किसने भेजा था, इसका पता लगाने के लिए साइबर सेल लगा हुआ है।