
स्थान -हल्द्वानी

ब्यूरो रिपोट

हल्द्वानी। गौलापार बाईपास स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड में बुधवार रात आग की लपटें उठने लगी। मौके पर पहुंचे पांच टैंकरों ने पानी की बौछार की। बृहस्पतिवार दोपहर तक करीब डेढ़ लाख लीटर पानी की बौछार करने के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग के बाद आसपास के इलाके में धुआं फैल गया। इसके दो दिन तक छाये रहने का अनुमान है।


बुधवार देर रात आग देखते ही देखते कूड़े के ढेर में फैलती रही। सुबह आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना पर नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। पांच टैंकरों (प्रत्येक की क्षमता 3000 लीटर) ने लपटों पर पानी की बौछार की लेकिन आग काबू में नहीं आई। ऐसे में इन टैंकरों को 10-10 चक्कर लगाने पड़े। देर शाम आग शांत हो गई। वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.मनोज कांडपाल ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।


1.30 लाख मीट्रिक टन कूड़ा एकत्र
ट्रंचिंग ग्राउंड में हल्द्वानी नगर निगम के साथ ही भीमताल, नैनीताल, लालकुआं, कैंची आदि क्षेत्रों का 230 से 240 मीट्रिक टन कूड़ा रोजाना फेंका जा रहा है। इसके कारण वहां करीब 1.30 लाख मीट्रिक टन कूड़ा एकत्र हो गया है। इससे कूड़े के ढेर लग गए हैं। नगर निगम ने इसके निस्तारण के लिए नौ करोड़ का टेंडर निकाला है।

ट्रंचिंग ग्राउंड में आग लगने की सूचना पर स्वास्थ्य अनुभाग की टीम को मौके पर भेजा गया। दिन भर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है।


