डीएफओ कार्यालय के स्थानांतरण के विरोध में मसूरी में धरना

डीएफओ कार्यालय के स्थानांतरण के विरोध में मसूरी में धरना

स्थान -मसूरी:

ब्यूरो रिपोट

मसूरी: प्रभागीय वन अधिकारी (DFO) कार्यालय को नरेंद्र नगर स्थानांतरित किए जाने के प्रस्ताव के विरोध में आज मसूरी वन प्रभाग परिसर में जौनपुर प्रधान संगठन और स्थानीय लोगों ने एक दिवसीय सांकेतिक धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय को नरेंद्र नगर ले जाने के निर्णय का कड़ा विरोध करते हुए इसे जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ बताया।

धरने में जौनपुर क्षेत्र से आए विभिन्न ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ब्लॉक प्रमुख सहित मसूरी की सामाजिक और राजनीतिक संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि कार्यालय का स्थानांतरण किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

जौनपुर प्रधान संगठन के अध्यक्ष प्रदीप कवि ने कहा कि कार्यालय के स्थानांतरण से जौनपुर और मसूरी क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ेगी। छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी लोगों को करीब 200 किलोमीटर दूर नरेंद्र नगर जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आम जनता के सहयोग से आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

नगर निगम पार्षद सुमेन्द्र बोहरा ने कहा कि मसूरी वन विभाग का अपना ऐतिहासिक महत्व रहा है और शुरू से ही इसके स्थानांतरण का विरोध होता रहा है।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि वर्तमान में मसूरी और जौनपुर के लोग आसानी से डीएफओ कार्यालय में अपने कार्य निपटा लेते हैं, लेकिन नरेंद्र नगर जाना अधिकांश लोगों के लिए कठिन होगा।

पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल ने बताया कि इस संबंध में उनकी वन मंत्री से भी वार्ता हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने कार्यालय को यहां से हटाया तो व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।