
स्थान -किच्छा

ब्यूरो रिपोट

ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा के अंजनिया गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब हरियाणा से करीब 400 किलोमीटर दूर से बारात लेकर पहुंचे दूल्हे की शादी ऐन मौके पर रुकवा दी गई। घर में धूमधाम से विवाह की तैयारियां चल रही थीं और जयमाला की रस्म की तैयारी थी, लेकिन इससे पहले ही मामला पुलिस तक पहुंच गया।


जानकारी के अनुसार किच्छा की एनजीओ आईएसडी को लड़की के नाबालिग होने की सूचना मिली। इसके बाद एनजीओ कार्यकर्ता चाइल्ड हेल्पलाइन और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वैवाहिक कार्यक्रम को तत्काल रुकवा दिया। पुलिस ने जब दुल्हन का आधार कार्ड मांगा तो परिजन दस्तावेज दिखाने में आनाकानी करने लगे।

बाद में जूनियर हाई स्कूल के रिकॉर्ड की जांच की गई, जिसमें लड़की की उम्र 15 वर्ष 11 माह पाई गई, जबकि दूल्हा मोहित की उम्र 27 वर्ष बताई गई। इसके बाद पुलिस ने बारात को वापस लौटा दिया और नाबालिग को वन स्टॉप सेंटर में दाखिल कराया।


पुलिस ने बालिका के माता-पिता, दूल्हे मोहित और उसके पिता मुकेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


