शिवपुरी में रॉकेट बंजी हादसे का दावा फर्जी, पुलिस ने किया खंडन

शिवपुरी में रॉकेट बंजी हादसे का दावा फर्जी, पुलिस ने किया खंडन

स्थान -ऋषिकेश

ब्यूरो रिपोट

ऋषिकेश: इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि ऋषिकेश से करीब 20 किलोमीटर दूर शिवपुरी में रॉकेट बंजी के दौरान गर्दन की हड्डी टूटने से एक युवती की मौत हो गई। वीडियो के वायरल होते ही पर्यटकों के बीच खौफ का माहौल बन गया और एडवेंचर गतिविधियों को लेकर सवाल उठने लगे।

मामले में टिहरी के पुलिस कप्तान आयुष अग्रवाल ने सामने आकर इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिवपुरी या ऋषिकेश के आसपास किसी भी एडवेंचर ज़ोन में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। प्रशासन ने इसे पूरी तरह भ्रामक और अफवाह बताया है।

चौंकाने वाली बात यह है कि यही वीडियो कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स द्वारा राजस्थान के माउंट आबू का बताकर भी साझा किया जा रहा है। इससे साफ है कि वीडियो का इस्तेमाल अलग-अलग स्थानों का नाम जोड़कर सनसनी फैलाने के लिए किया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि वीडियो के वास्तविक स्रोत की जांच की जा रही है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की झूठी खबरों का सीधा असर उत्तराखंड के पर्यटन उद्योग पर पड़ता है।

पुलिस ने आमजन और पर्यटकों से अपील की है कि किसी भी सनसनीखेज वीडियो या खबर पर भरोसा करने से पहले आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल या जिला प्रशासन से पुष्टि अवश्य करें। देवभूमि की वादियों में पर्यटन गतिविधियां पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी भी प्रकार की घबराहट की आवश्यकता नहीं है।