काशीपुर के निजी अस्पतालों में स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी, अनियमितताओं पर नोटिस

काशीपुर के निजी अस्पतालों में स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी, अनियमितताओं पर नोटिस

रिपोर्टर : अज़ीम खान
लोकेशन : काशीपुर

निजी अस्पतालों में अनियमितताओं की शिकायतों को लेकर ऊधम सिंह नगर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने काशीपुर क्षेत्र के कई निजी चिकित्सालयों का औचक निरीक्षण किया। टीम ने अस्पतालों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ दस्तावेजों की भी जांच की।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान अस्पतालों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, जरूरी सुविधाओं और रिकॉर्ड से संबंधित जानकारी जुटाई। टीम ने अस्पतालों में भर्ती मरीजों से भी बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।

एसीएमओ डॉ. हरीश पाण्डेय के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कई निजी अस्पतालों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि अब तक तीन से चार अस्पतालों की जांच की जा चुकी है और अन्य अस्पतालों का भी निरीक्षण किया जाएगा।

डॉ. पाण्डेय ने कहा कि जिन अस्पतालों में निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाई जा रही हैं, उन्हें नोटिस जारी करने की प्रक्रिया में शामिल किया जा रहा है। संबंधित अस्पतालों को कमियों को दूर करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि अस्पतालों को नोटिस जारी होने के बाद सात दिन का समय दिया जाएगा। इस अवधि में अस्पतालों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा इंगित की गई अनियमितताओं और कमियों को दूर करना होगा।

एसीएमओ ने स्पष्ट किया कि यदि संबंधित अस्पताल सात दिन के भीतर कमियों को दूर नहीं करते और स्वास्थ्य विभाग के नोटिस को गंभीरता से नहीं लेते हैं तो उनके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान काशीपुर के एलडी भट्ट राजकीय चिकित्सालय में बीते दिनों बिजली गुल होने के कारण कथित तौर पर मोमबत्ती की रोशनी में मरीजों का उपचार किए जाने से संबंधित सवाल भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के सामने रखा गया।

डॉ. हरीश पाण्डेय ने बताया कि एलडी भट्ट राजकीय चिकित्सालय की घटना का मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाओं को मजबूत और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।