
स्थान : लक्सर
ब्यूरो रिपोर्ट

भारतीय किसान यूनियन तोमर के पदाधिकारियों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन के सामने 12 सूत्रीय मांग पत्र रखा।

भारतीय किसान यूनियन तोमर के प्रदेश प्रभारी जोध सिंह पुंडीर के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारी लक्सर तहसील पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की और उपजिलाधिकारी अनिल शुक्ला से मुलाकात की।


इसके बाद संगठन की ओर से उपजिलाधिकारी को 12 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया। किसान नेताओं ने मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई करते हुए क्षेत्र की समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।


किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में अतिक्रमण लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने और संबंधित क्षेत्रों में व्यवस्था सुधारने की मांग उठाई।


संगठन ने लेखपालों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा जमीनों की रजिस्ट्री और दाखिल-खारिज से जुड़ी समस्याओं को भी प्रशासन के सामने रखा गया।

किसान यूनियन ने क्षेत्र में ओवरलोडिंग और बैंकों की कार्यप्रणाली को लेकर भी शिकायतें उठाईं। पदाधिकारियों का कहना है कि किसानों और आम लोगों को इन समस्याओं के कारण लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।



प्रदेश प्रभारी जोध सिंह पुंडीर ने कहा कि संगठन ने सभी प्रमुख समस्याओं को 12 सूत्रीय मांग पत्र में शामिल कर प्रशासन को सौंपा है। उन्होंने कहा कि अब संगठन प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार करेगा।

भाकियू तोमर ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो तहसील का घेराव कर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। संगठन ने कहा कि समस्याओं का समाधान होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।

