मसूरी में फायर सीजन से पहले संयुक्त मॉक ड्रिल, तैयारियों का लिया जायजा

मसूरी में फायर सीजन से पहले संयुक्त मॉक ड्रिल, तैयारियों का लिया जायजा

स्थान -मसूरी

ब्यूरो रिपोट

मसूरी। आगामी फायर सीजन को देखते हुए वन विभाग ने संबंधित विभागों के साथ संयुक्त बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और फायर उपकरणों की जांच की। इस दौरान मसूरी वन प्रभाग कार्यालय में संयुक्त फायर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों ने समन्वय के साथ आग पर काबू पाने का अभ्यास किया।

मॉक ड्रिल में भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP), नगर पालिका परिषद मसूरी, संचार पुलिस, पशुपालन विभाग, मसूरी पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अभ्यास के दौरान आग लगने की काल्पनिक स्थिति तैयार कर त्वरित प्रतिक्रिया और बचाव कार्य का प्रदर्शन किया गया।

फायर मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपदा की स्थिति में कम से कम समय में आग पर नियंत्रण पाना और जान-माल की हानि को न्यूनतम करना है। सभी विभागों ने आपसी तालमेल का परिचय देते हुए संयुक्त रूप से कार्रवाई की और सफलतापूर्वक आग पर काबू पाया।

प्रभागीय वन अधिकारी अमित कंवर ने कहा कि फायर सीजन शुरू होने वाला है, ऐसे में जंगलों में लगने वाली आग से निपटने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि सभी फायर उपकरणों की जांच की गई है और विभागों के बीच समन्वय को और मजबूत किया गया है।

ITBP के इंस्पेक्टर जेडी सुनील कुमार ने कहा कि बल हमेशा आपदा की स्थिति में तत्पर रहता है। मसूरी क्षेत्र में अधिक वन क्षेत्र होने के कारण आग की घटनाओं से निपटने में बल की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।

संचार पुलिस देहरादून से आए एसआई महेंद्र भट्ट ने बताया कि आपदा के समय कंट्रोल रूम तक त्वरित सूचना पहुंचाने और संचार व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

वन विभाग ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार की संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित की जाती रहेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में प्रभावी ढंग से कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।