
स्थान -जसपुर

बुर्यो रिपोट

जसपुर कोतवाली क्षेत्र के महुआडाबरा नगर पंचायत में रविवार को दो समुदायों के बीच सड़क विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। बुलेट बाइक रोड पर निकासी को लेकर हुई कहासुनी देखते ही देखते जंग का मैदान बन गई। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले। इस दौरान तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें स्थानीय सभासद शाकिर भी शामिल हैं। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुर लाया गया, जहां एक की हालत नाजुक होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया।


मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित सभासद की तहरीर के आधार पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी है।


एसएसपी उधम सिंह नगर अजय गणपति ने बताया कि सात लोगों के नाम सामने आए हैं और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। एसपी काशीपुर के नेतृत्व में टीमों का गठन कर जांच जारी है।


