ऋषिकेश में बाहरी लोगों का सत्यापन अभियान, पुलिस की सख्त निगरानी

ऋषिकेश में बाहरी लोगों का सत्यापन अभियान, पुलिस की सख्त निगरानी

स्थान -ऋषिकेश

ब्यूरो रिपोट

ऋषिकेश कोतवाली पुलिस डीजीपी दीपम सेठ के निर्देश पर बाहरी लोगों के सत्यापन के लिए अलर्ट मोड पर है। आज तड़के पुलिस की दो टीमें मायाकुंड की बंगाली बस्ती और आईडीपीएल के मीरा नगर पहुंचीं।

सुबह-सुबह पुलिस को दरवाजे पर देखकर कुछ लोग हैरान हुए, लेकिन जैसे ही टीम ने अपना मकसद समझाया, लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने घर-घर जाकर वहां रहने वाले किराएदारों का पूरा विवरण लिया—कहाँ से आए हैं, क्या करते हैं, कितने समय से रह रहे हैं और उनका पुलिस वेरिफिकेशन हुआ या नहीं।

सत्यापन के दौरान दोनों क्षेत्रों में 6 ऐसे किराएदार पाए गए, जिनका पुलिस वेरिफिकेशन नहीं हुआ था। इनके खिलाफ पुलिस ने चालान काटकर जुर्माना लगाया।

साथ ही मकान मालिकों को लापरवाही के लिए फटकार दी गई। पुलिस ने साफ कहा कि भविष्य में बिना वेरिफिकेशन के किराएदार रखने वाले मकान मालिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

अभियान के दौरान रजिस्टर में सभी जानकारी दर्ज की गई और शहर के अन्य हिस्सों में भी यह सत्यापन अभियान समय-समय पर जारी रहेगा।

पुलिस ने मकान मालिकों और दुकानदारों से अपील की कि वे किराएदार और कर्मचारियों को केवल सत्यापन के बाद ही रखें, ताकि कानून व्यवस्था और सुरक्षा बनी रहे।