दिनेशपुर में पारिवारिक विवाद बना खूनी, सास की मौत

दिनेशपुर में पारिवारिक विवाद बना खूनी, सास की मौत

स्थान -दिनेशपुर

ब्यूरो रिपोट

दिनेशपुर (उधम सिंह नगर)। दिनेशपुर क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी बहू सहित छह लोगों को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, प्रसेनजीत शाह का विवाह चार वर्ष पूर्व काशीपुर निवासी सुरभि से हुआ था। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही घर में विवाद चलता रहता था। बीती रात मामूली कहासुनी के बाद बहू ने अपने मायके पक्ष के लोगों को घर बुला लिया।

आरोप है कि इसके बाद मायके से आए लोगों ने प्रसेनजीत शाह और उनकी 70 वर्षीय मां संध्या शाह के साथ मारपीट की। हमले में गंभीर रूप से घायल संध्या शाह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रसेनजीत को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसपी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने नामजद तहरीर के आधार पर सुरभि और उसके साथ आए पांच अन्य लोगों को हिरासत में लिया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी दौलत राम वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं और जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस ने परिजनों को सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक रिश्तों में बढ़ती कटुता और हिंसा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।