
स्थान -नैनीताल

ब्यूरो रिपोट

नैनीताल। उत्तराखण्ड के पुलिस महानिदेशक द्वारा राज्य में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से वृहद सत्यापन अभियान ‘ऑपरेशन क्रैक डाउन वेरिफिकेशन ड्राइव’ चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत विभिन्न आश्रमों, होम स्टे, हॉस्टल, प्रतिष्ठानों, शैक्षणिक संस्थानों, किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया जा रहा है।


इसी क्रम में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को 15 फरवरी 2026 से एक माह तक सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। अभियान के दौरान विशेष टीमें गठित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

बाहरी व्यक्तियों की आपराधिक गतिविधियों में संभावित संलिप्तता को देखते हुए एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चन्द्र तथा एसपी हल्द्वानी श्री मनोज कुमार कत्याल के नेतृत्व में जनपद पुलिस द्वारा व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत आज नैनीताल पुलिस ने 77 होटल और ढाबों की जांच की। इसके अतिरिक्त 726 लोगों का सत्यापन किया गया, ताकि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की जा सके।

जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर 63 लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 27,750 रुपये का जुर्माना वसूला गया।


पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ‘ऑपरेशन क्रैक डाउन’ के तहत सत्यापन और चेकिंग अभियान निरंतर जारी रहेगा। आमजन से भी अपील की गई है कि किरायेदारों और कर्मचारियों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराएं, जिससे जनपद में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मिल सके।

