कोतवाली बहादराबाद में बड़ी कार्रवाई, 21 किलो 560 ग्राम गांजा बरामद

कोतवाली बहादराबाद में बड़ी कार्रवाई, 21 किलो 560 ग्राम गांजा बरामद

स्थान -हरिद्वार

ब्यूरो रिपोट

हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 किलो 560 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम नहर पटरी बहादराबाद के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध युवक घूमते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 30 वर्षीय गोविन्दा निवासी हरिपुर कलां, देहरादून के रूप में हुई है। पूछताछ में उसके फरार साथी का नाम सूरज बताया गया है, जिसकी तलाश में पुलिस की दबिश जारी है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 21 किलो 560 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर उसके खिलाफ NDPS Act के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बरामदगी को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ मिशन को मजबूती देने वाली मानी जा रही है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि जनपद में नशे का कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत सूचना दें। नशामुक्त देवभूमि के संकल्प को सफल बनाने के लिए जन सहयोग को आवश्यक बताया गया है।