उत्तराखंड बजट सत्र: जनभागीदारी पर जोर, प्री-बजट कंसल्टेशन तेज

उत्तराखंड बजट सत्र: जनभागीदारी पर जोर, प्री-बजट कंसल्टेशन तेज

स्थान -देहरादून

ब्यूरो रिपोट

उत्तराखंड में आगामी बजट सत्र को लेकर सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया है कि इस बार का बजट व्यापक जनभागीदारी और विभिन्न वर्गों से प्राप्त सुझावों के आधार पर तैयार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार प्री-बजट कंसल्टेशन के माध्यम से समाज के अलग-अलग वर्गों से संवाद स्थापित कर रही है, ताकि बजट अधिक समावेशी और जनहितकारी बनाया जा सके।

व्यापारी वर्ग, किसानों, उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक क्षेत्र में कार्यरत लोगों से लगातार चर्चा की जा रही है। अलग-अलग समूहों के साथ कई कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें स्वयं मुख्यमंत्री भी भाग ले रहे हैं।

इन बैठकों में विकास, रोजगार, स्वरोजगार, कृषि, उद्योग और सामाजिक कल्याण से जुड़े विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श हो रहा है। सरकार का उद्देश्य है कि जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे लोगों के सुझावों को गंभीरता से लिया जाए और उन्हें बजट में समुचित स्थान दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी वर्गों के विचारों के आधार पर एक संतुलित, दूरदर्शी और राज्य के समग्र विकास को गति देने वाला बजट प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है।

सरकार का मानना है कि जनभागीदारी से तैयार किया गया बजट न केवल व्यावहारिक होगा, बल्कि प्रदेश की वास्तविक आवश्यकताओं और अपेक्षाओं को भी बेहतर ढंग से प्रतिबिंबित करेगा। ऐसे में आगामी बजट सत्र को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर गतिविधियां तेज हो गई हैं।