बड़कोट में महिलाओं व बालिकाओं के अंतर्राष्ट्रीय दिवस पर भव्य विधिक साक्षरता शिविर आयोजित

बड़कोट में महिलाओं व बालिकाओं के अंतर्राष्ट्रीय दिवस पर भव्य विधिक साक्षरता शिविर आयोजित

स्थान : उत्तरकाशी

ब्यूरो रिपोर्ट

जिले एवं तहसील विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में हिलग्रीन इंटर कॉलेज बड़कोट में ‘विज्ञान में महिलाओं व बालिकाओं के अंतर्राष्ट्रीय दिवस’ के अवसर पर भव्य विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में आसपास के विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कानून, अधिकारों व सामाजिक जिम्मेदारियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि तहसील विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष एवं सिविल जज योगीश गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कानून की जानकारी प्रत्येक छात्र के लिए अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जरूरतमंद व्यक्ति कैसे निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा बच्चों के सवालों का भी उन्होंने संवाद के माध्यम से उत्तर दिया।

विशिष्ट अतिथि तहसीलदार रेनु सैनी ने ‘गुड टैच-बैड टैच’ के माध्यम से बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

कोतवाली निरीक्षक सुभाष चंद ने साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताई और मोबाइल व इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के टिप्स साझा किए। इसके अलावा उन्होंने नशा मुक्ति अभियान और सामाजिक उत्तरदायित्वों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

यातायात प्रभारी वीरेंद्र पंवार ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की विस्तृत जानकारी दी। वहीं, पीएलवी सुनील थपलियाल ने आम जनता को विधिक सेवा प्राधिकरण से मिलने वाली सुविधाओं और कानूनी जागरूकता की जानकारी साझा की।

शिविर के दौरान विद्यार्थियों के लिए पोस्टर प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। हिलग्रीन इंटर कॉलेज, बाल शिक्षा सदन, सुमन ग्रामर इंटर कॉलेज, न्यू होली लाइफ इंटर कॉलेज, आदर्श बालिका इंटर कॉलेज और राजेंद्र मेमोरियल पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

बच्चों ने पोस्टरों के माध्यम से सामाजिक बुराइयों, महिला अधिकारों और कानूनी जागरूकता के संदेशों को रंगों में उकेरकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विद्यालय प्रबंधन को ‘कानूनी ज्ञान माला’ पुस्तक भेंट की गई, ताकि छात्र भविष्य में भी कानूनी जानकारी से लाभान्वित हो सकें।

विद्यालय प्रबंधन ने इस उपयोगी शिविर के सफल आयोजन के लिए प्राधिकरण का आभार व्यक्त किया।