
स्थान : हल्द्वानी

ब्यूरो रिपोर्ट

एकता जन सेवा फाउंडेशन एंटी करप्शन सेल एवं राष्ट्रीय मानव अधिकार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक राजेश पाल दास ठाकुर के नेतृत्व में नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर हल्द्वानी क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित मीट और मछली की दुकानों पर कार्रवाई की मांग की गई।


ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि छड़ायल, ऊंचा पुल, कटघरिया शनि बाजार, बरेली रोड सहित अन्य स्थानों पर बिना लाइसेंस और बिना अनुमति के मीट व मछली की बिक्री की जा रही है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के परीक्षण के बिना मांस बेचे जाने से जनस्वास्थ्य पर खतरा उत्पन्न हो रहा है।

संगठन का कहना है कि बिना अधिकृत स्लॉटर हाउस के पशुओं का वध किया जा रहा है और सड़क किनारे खुले में मुर्गा व मछली बेची जा रही है, जिससे वातावरण दूषित हो रहा है। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि मांस को लंबे समय तक ताजा दिखाने के लिए रासायनिक पदार्थों का उपयोग किया जा रहा है, जो लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।

राजेश पाल दास ठाकुर ने संबंधित अधिकारियों से शीघ्र निरीक्षण कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदेश सचिव लक्ष्मी नारायण, संगठन मंत्री जितेंद्र कुमार सागर उर्फ जीतू और पारस सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


