
स्थान : हरिद्वार

ब्यूरो रिपोर्ट

ट्रेनों में मोबाइल और कीमती सामान चोरी करने वाले शातिर गिरोह का जीआरपी ने भंडाफोड़ किया है। 25 जनवरी 2026 को ट्रेन संख्या 14610 हेमकुंड एक्सप्रेस के कोच एस-9 से एक यात्री के परिवार का लेडीज पर्स चोरी हो गया था। पर्स में दो मोबाइल फोन, एयरपॉड, 20 हजार रुपये नकद, डेबिट-क्रेडिट कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे थे।


पीड़ित की शिकायत पर देहरादून में जीरो एफआईआर दर्ज की गई, जिसके बाद मामला जीआरपी हरिद्वार को स्थानांतरित किया गया।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर दो संदिग्धों की पहचान हुई। जांच में सामने आया कि आरोपितों ने चोरी के कुछ घंटों के भीतर एटीएम और यूपीआई के माध्यम से रकम निकाल ली थी।

कप्तान अरूणा भारती ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में बलदेव सिंह रावत और अंश शर्मा वारदात को अंजाम देते थे,

जबकि तीसरा आरोपी दीपक सेमवाल चोरी किए गए मोबाइल का लॉक तोड़कर नया यूपीआई पिन सेट करता था। पुलिस ने चोरी हुआ आईफोन और एयरपॉड बरामद कर लिए हैं।


तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। जीआरपी ने यात्रियों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

