
स्थान : देहरादून

ब्यूरो रिपोर्ट

सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के धौलास-हरियावाला की 20 एकड़ विवादित भूमि का मामला प्रदेशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस प्रकरण को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा रुख अपनाते हुए विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।


सहसपुर के परवल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भूमि आवंटन से जुड़े हर दस्तावेज और प्रक्रिया की गहन जांच कराई जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में यह सामने आता है कि शैक्षणिक संस्थान के नाम पर आवंटित कृषि भूमि का उपयोग नियमों के विपरीत प्लॉटिंग या अन्य व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए किया गया है, तो आवंटन रद्द कर भूमि को राज्य सरकार में निहित किया जाएगा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर कार्य कर रही है और किसी भी प्रकार की अनियमितता या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी।

वहीं, सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने भी मामले पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनभावनाओं और क्षेत्र की सुरक्षा से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। विधायक ने आश्वासन दिया कि यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


धौलास भूमि प्रकरण को लेकर अब प्रशासनिक स्तर पर जांच प्रक्रिया शुरू होने की बात कही जा रही है। मामले की निष्पक्ष जांच और आगे की कार्रवाई पर प्रदेशभर की नजरें टिकी हैं।

