
स्थान : लकसर हरिद्वार

ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर सियासी पारा चढ़ गया है। कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ 16 फरवरी को देहरादून में बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया है। इसको लेकर रुड़की में आयोजित प्रेस वार्ता के जरिए पार्टी ने सरकार पर जमकर निशाना साधा।


रुड़की के रामनगर स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर सरकार को कटघरे में खड़ा किया। कांग्रेस के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी वीरेंद्र रावत ने कहा कि प्रदेश के हालात बद से बदतर हो चुके हैं।

वीरेंद्र रावत ने आरोप लगाया कि सरकार के पास वही अधिकारी हैं, लेकिन उनसे काम लेने की क्षमता खत्म हो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा बेरोजगारी से त्रस्त है और सड़कों पर उतरने को मजबूर है।


कांग्रेस नेताओं ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने सीबीआई जांच की पारदर्शिता पर संदेह जताते हुए कहा कि जांच में कई स्तर पर झोल नजर आ रहे हैं, जिससे जनता का भरोसा डगमगा गया है।

कांग्रेस का दावा है कि 16 फरवरी को देहरादून में होने वाला प्रदर्शन सरकार के खिलाफ जनआक्रोश का बड़ा संदेश देगा। पार्टी ने कहा कि प्रदेशभर से भारी संख्या में लोग इस प्रदर्शन में शामिल होंगे।

संगठन को मजबूत करने के लिए कांग्रेस ने नई रणनीति अपनाई है। प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर अब नए सदस्यों को पार्टी में शामिल करने से पहले एक विशेष कमेटी जांच करेगी। कमेटी की रिपोर्ट के बाद ही सदस्यता दी जाएगी।

इसी क्रम में प्रेस वार्ता के दौरान दर्जनों युवाओं ने कांग्रेस की नीतियों में विश्वास जताते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस नेताओं ने विश्वास जताया कि आगामी प्रदर्शन से प्रदेश की राजनीति में बड़ा संदेश जाएगा।

