
स्थान : बाजपुर

ब्यूरो रिपोर्ट

बाजपुर के पत्रकार विमल भारती द्वारा पुलिस प्रशासन पर मारपीट और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद मामले में क्षेत्राधिकारी विभव सैनी ने प्रेस वार्ता कर पुलिस का पक्ष रखा। सीओ ने पत्रकार के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें पूरी तरह निराधार बताया।


प्रेस वार्ता के दौरान सीओ ने बताया कि पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा पत्रकार विमल भारती को अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसी क्रम में विभाग द्वारा अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई, जहां सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस बल भी मौजूद था।

सीओ के अनुसार कार्रवाई के दौरान पत्रकार द्वारा अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। इसके बाद पीडब्ल्यूडी विभाग की एक महिला अधिकारी की तहरीर पर पत्रकार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस पर लगाए गए मारपीट और अमानवीय व्यवहार के आरोप पूरी तरह गलत हैं। किसी भी पुलिसकर्मी द्वारा पत्रकार के साथ मारपीट नहीं की गई।


सीओ ने बताया कि चिकित्सकीय परीक्षण में भी किसी प्रकार की मारपीट की पुष्टि नहीं हुई है। साथ ही, उच्च अधिकारियों के निर्देश पर मामले की जांच दूसरे जिले के अधिकारियों द्वारा कराई जा रही है, ताकि निष्पक्षता बनी रहे।

अंत में क्षेत्राधिकारी विभव सैनी ने कहा कि जांच प्रक्रिया जारी रहते हुए पुलिस पर गंभीर और आधारहीन आरोप लगाना उचित नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

