
स्थान : देहरादून

ब्यूरो रिपोर्ट

जिले में टीबी उन्मूलन को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को और गति दे दी है। ग्राम पंचायत स्तर तक व्यापक स्क्रीनिंग, मोबाइल वैन के माध्यम से जांच और डिजिटल पोर्टल पर डेटा एंट्री जैसे कदमों से जिले को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अब विभाग ने चमोली ब्लॉक को विशेष रूप से चिन्हित कर वहां केंद्रित अभियान शुरू किया है।


मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि टीबी मुक्त अभियान के तहत जिले की 80 से अधिक ग्राम पंचायतों को अब तक टीबी मुक्त घोषित किया जा चुका है।

अधिक से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने के लिए दो मोबाइल वैन तैनात की गई हैं, जिनमें फ्लू-नेट मशीनें लगी हैं। इन वैन के जरिए विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर ऑन-द-स्पॉट जांच की जा रही है।

उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के 100 वार्डों में भी टीबी स्क्रीनिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। जिला चिकित्सालयों और निजी अस्पतालों में उपलब्ध एक्स-रे सुविधाओं का भी उपयोग किया जा रहा है।


सभी जांचों का डेटा नियमित रूप से निक्षय पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है, ताकि मरीजों की निगरानी और उपचार की प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।

सीएमओ के अनुसार, जिले को टीबी मुक्त घोषित करने के लिए छह निर्धारित मानकों को पूरा करना अनिवार्य है। स्वास्थ्य विभाग इन्हीं मानकों के अनुरूप कार्रवाई कर रहा है। चमोली ब्लॉक में विशेष अभियान चलाकर सभी आवश्यक बिंदुओं पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है, ताकि जल्द ही क्षेत्र को टीबी मुक्त घोषित किया जा सके।

