16 फरवरी को राजभवन कूच करेगी कांग्रेस

16 फरवरी को राजभवन कूच करेगी कांग्रेस

स्थान : जसपुर

ब्यूरो रिपोर्ट

उन्होंने कहा कि प्रदेश में हत्या, डकैती और चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। नशे का कारोबार चरम पर है और महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में भाजपा नेताओं के नाम सामने आए, लेकिन सरकार ने ठोस कार्रवाई नहीं की।

प्रदेश में भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने अपना आंदोलन तेज कर दिया है। इसी क्रम में चकराता विधायक और पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने जसपुर विधायक आदेश चौहान के आवास पर पहुंचकर सरकार पर तीखा हमला बोला।

मीडिया से बातचीत में प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश के हालात बद से बदतर हो चुके हैं और कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजधानी में पुलिस मुख्यालय के पास युवक की हत्या, पलटन बाजार में दिनदहाड़े बालिका पर धारदार हथियार से हमला और हल्द्वानी में पुरुष व महिला की हत्या जैसी घटनाएं सरकार की विफलता को दर्शाती हैं।

प्रीतम सिंह ने कहा कि भ्रष्टाचार चरम पर है और किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं। देवभूमि कहे जाने वाले उत्तराखंड में किसानों की आत्महत्या को उन्होंने बेहद चिंताजनक बताया। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि शराब माफिया, भू-माफिया और खनन माफिया सरकार को चला रहे हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक का मुद्दा भी उन्होंने उठाया।

उन्होंने कहा कि भाजपा के भीतर भी असंतोष है। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत द्वारा लोकसभा में अवैध खनन का मुद्दा उठाने, विधायक अरविंद पांडे के बयानों और बंशीधर भगत के कानून-व्यवस्था को लेकर विरोध का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता ही सरकार पर सवाल उठा रहे हैं।

कांग्रेस ने ऐलान किया है कि 16 फरवरी को राजभवन कूच किया जाएगा। पार्टी का दावा है कि इस प्रदर्शन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन शामिल होंगे। प्रीतम सिंह ने कहा कि जनता में सरकार के खिलाफ भारी आक्रोश है और 16 फरवरी का कूच इस आक्रोश की अभिव्यक्ति होगा।