
स्थान : ऋषिकेश

ब्यूरो रिपोर्ट

मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने गुरुवार को ऋषिकेश क्षेत्र में अवैध निर्माण और बिना नक्शा स्वीकृति विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने एक बहुमंजिला इमारत को सील करने के साथ करीब 11 बीघा जमीन पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया।


प्राधिकरण की टीम ने पशुलोक, निर्मल बाग गली नंबर 10 में बिना स्वीकृत मानचित्र के बनाए जा रहे एक बहुमंजिला भवन पर छापा मारा और निर्माण को मौके पर ही सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, अवर अभियंता पूनम सकलानी समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

इसके अलावा सुनील रावत द्वारा लगभग 5 बीघा भूमि पर अवैध रूप से काटी जा रही सड़कों और प्लॉटों को जेसीबी की मदद से जमींदोज कर दिया गया। वहीं संदीप रावत द्वारा करीब 6 बीघा जमीन पर की जा रही अवैध प्लाटिंग पर भी कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य हटाए गए।


MDDA के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि शहर के सुनियोजित विकास से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि निवेश से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि संबंधित निर्माण या प्लाटिंग को प्राधिकरण की अनुमति प्राप्त है।

प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।


