
स्थान : हल्द्वानी

ब्यूरो रिपोर्ट

गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल में ‘ग्रैंड पेरेंट्स डे’ हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई, जिसके बाद नन्हे-मुन्ने बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर दादा-दादी और नाना-नानी का अभिनंदन किया।


इस अवसर पर विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य, भजन और योग की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने खूब सराहा। नर्सरी के छात्र हर्षित सिंह और यूकेजी के छात्र कुशाग्र तिवारी ने अपने भाषण के माध्यम से दादा-दादी के प्रति सम्मान और प्रेम व्यक्त किया।

विद्यालय के निदेशक वी. बी. नैनवाल ने 90 वर्षीय चंद्र दत्त पाठक और 70 वर्षीय राधा देवी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं, जिनके अनुभव और संस्कार बच्चों के जीवन को सही दिशा देते हैं।


कार्यक्रम के अंत में विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया। उत्साह और भावनाओं से भरे इस आयोजन ने सभी को भावुक कर दिया।


