औली में 12 से 16 फरवरी तक नेशनल विंटर गेम्स और कार्निवाल, खिलाड़ियों को मिलेंगे नकद पुरस्कार

औली में 12 से 16 फरवरी तक नेशनल विंटर गेम्स और कार्निवाल, खिलाड़ियों को मिलेंगे नकद पुरस्कार

स्थान : औली

ब्यूरो रिपोर्ट

सूबे की प्रसिद्ध शीतकालीन पर्यटन स्थली औली आगामी 12 फरवरी से 16 फरवरी तक होने वाले नेशनल विंटर गेम्स और विंटर कार्निवाल की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है।

इस आयोजन को लेकर विंटर गेम्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के महासचिव राकेश रंजन भिलंगवाल ने औली में आयोजित प्रेस वार्ता में विस्तृत जानकारी दी।

राकेश रंजन भिलंगवाल ने बताया कि राष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिता को भव्य रूप से आयोजित करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

उन्होंने कहा कि इस बार स्कीइंग एथलीटों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रत्येक इवेंट में नकद पुरस्कार की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि स्कीइंग, स्नो बोर्डिंग और स्की पर्वतारोहण की प्रत्येक रेस डिसिप्लिन में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः 51 हजार, 41 हजार और 31 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों का उत्साह और बढ़ेगा।

महासचिव ने जानकारी दी कि प्रतियोगिताओं की शुरुआत 13 फरवरी से होगी। स्की पर्वतारोहण और स्नो बोर्डिंग की स्पर्धाएं औली की नंदा देवी इंटरनेशनल स्कीइंग स्लोप के टॉप प्वाइंट के समीप आयोजित की जाएंगी,

जबकि अल्पाइन स्कीइंग के तहत स्लालम और जायंट स्लालम रेस दस नंबर टावर के पास ट्री लाइन स्लोप पर कराई जाएंगी।

उत्तराखंड स्कीइंग टीम के कोच विकेश डिमरी ने बताया कि विंटर कार्निवाल के अंतर्गत होने वाले सभी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) द्वारा किया जाएगा,

जिसमें स्थानीय संस्कृति और लोक कला की झलक देखने को मिलेगी।

उन्होंने बताया कि स्कीइंग, स्नो बोर्डिंग और स्की पर्वतारोहण की सभी खेल प्रतियोगिताओं का संचालन विंटर गेम्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (WGAUK) द्वारा किया जाएगा, जिससे आयोजन की तकनीकी गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।

आयोजकों ने विश्वास जताया कि नेशनल विंटर गेम्स और कार्निवाल से न केवल शीतकालीन खेलों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि औली में पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी और स्थानीय लोगों को आर्थिक लाभ होगा।