भीमताल पहुंचे कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, 12.58 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास

भीमताल पहुंचे कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, 12.58 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास

स्थान : नैनीताल

ब्यूरो रिपोर्ट

सरोवर नगरी नैनीताल से मात्र 22 किलोमीटर दूर भीमताल पहुंचे कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज का भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत और अभिनंदन किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनपद नैनीताल निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न विकास योजनाओं को लगातार धरातल पर उतारा जा रहा है।

विकास की इसी कड़ी में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने विकास भवन पहुंचकर लोक निर्माण विभाग की कुल पांच योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

इनमें 9.45 करोड़ रुपये की चार योजनाओं का शिलान्यास तथा 3.12 करोड़ रुपये की एक योजना का लोकार्पण शामिल है। इस प्रकार कुल 12.58 करोड़ रुपये की योजनाओं से जनपद को विकास की नई गति मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए 73वें संविधान संशोधन के तहत 11वीं अनुसूची में वर्णित 29 विषयों के हस्तांतरण की प्रक्रिया चल रही है। प्रदेशभर में नए पंचायत भवनों का निर्माण और पुराने भवनों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण स्तर पर प्रशासन मजबूत होगा।

उन्होंने सड़कों की कनेक्टिविटी को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि अब तक 14,027 नए गांवों को सड़क मार्ग से जोड़कर मुख्य धारा से जोड़ा गया है।

साथ ही दीन दयाल उपाध्याय गृह आवास (होम स्टे) विकास योजना के तहत प्रदेश में पांच हजार से अधिक होम स्टे पंजीकृत किए जा चुके हैं, जिनसे 1118 लोग सीधे लाभान्वित हुए हैं।

विकास भवन सभागार में आयोजित जन संवाद एवं समीक्षा बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए कैंचीधाम बायपास का निर्माण कार्य हर हाल में 15 जून तक पूरा किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि पुल निर्माण में विलंब हो तो अस्थायी वैलीब्रिज लगाकर समय पर बायपास शुरू किया जाए।

सिंचाई विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने क्षतिग्रस्त गूलों और नहरों की मरम्मत को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही भीमताल-नौकुचियाताल नहर से अतिक्रमण हटाने, ढुंगसील पहाड़ी से हो रहे भू-कटाव को रोकने और झीलों व नदियों की गाद हटाने के लिए वैज्ञानिक पद्धति अपनाने पर जोर दिया।

पंचायतीराज और पर्यटन विभाग की समीक्षा में उन्होंने गांव से लेकर मुख्यालय तक कूड़ा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था, स्वच्छता पर जन सहयोग और होम स्टे में साफ-सफाई व शौचालय व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में विधायक सरिता आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी सुझाव रखे।