हरिद्वार-लक्सर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, तीन युवक गंभीर

हरिद्वार-लक्सर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, तीन युवक गंभीर

स्थान : हरिद्वार

रिपोर्टर : धर्मराज

हरिद्वार-लक्सर हाईवे पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया।

कनखल थाना क्षेत्र के मिस्सरपुर गांव के पास स्कॉर्पियो और बाइक सवारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में बाइक पर सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई

और युवक सड़क पर दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को संभाला और एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों बाइक सवार कथित रूप से नशे की हालत में थे। स्कॉर्पियो चालक ने बताया कि बाइक सवारों ने बैटरी रिक्शा को ओवरटेक करते समय तेज रफ्तार में नियंत्रण खो दिया और सीधे उसकी गाड़ी से टकरा गए।

सूचना मिलते ही कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारु कराने का प्रयास किया।

हादसे के बाद हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने मशक्कत के बाद यातायात को नियंत्रित किया।

फिलहाल घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल कर रही है।

गौरतलब है कि हरिद्वार-लक्सर हाईवे पर पूर्व में भी कई बड़े हादसे हो चुके हैं।

लगातार हो रही दुर्घटनाओं से स्थानीय लोगों में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है और वे प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं