
स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार

उत्तराखंड में साल के 365 दिन नियमित रोजगार और होमगार्ड की तर्ज पर महंगाई भत्ता समेत अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवान आंदोलन पर उतर आए हैं। प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर खटीमा विकासखंड के पीआरडी जवानों ने कार्य बहिष्कार करते हुए ब्लॉक कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया।

धरना-प्रदर्शन के दौरान पीआरडी जवानों ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया। जवानों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर शासन-प्रशासन के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है।





आंदोलनरत पीआरडी जवानों की प्रमुख मांग है कि उन्हें साल के 365 दिन नियमित रोजगार उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही होमगार्ड जवानों की तर्ज पर महंगाई भत्ता, यात्रा भत्ता और अन्य मूलभूत सुविधाओं का लाभ भी प्रदान किया जाए।

धरना-प्रदर्शन में महिला पीआरडी जवानों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। महिला जवानों ने सरकार और प्रशासन के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि रोजगार की अनिश्चितता और आवश्यक सुविधाओं के अभाव में परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है।



महिला जवानों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक जवान ड्यूटी पर वापस नहीं लौटेंगे।
धरना-प्रदर्शन के दौरान पीआरडी जवानों ने अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा। जवानों ने शासन से उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने और नियमित रोजगार की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई।




क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी दिलशाद ने बताया कि पीआरडी जवानों का ज्ञापन प्राप्त हो चुका है। उनकी मांगों को उच्च स्तर पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है। उच्चाधिकारियों के निर्णय के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


खंड विकास अधिकारी संजय गांधी ने बताया कि वर्तमान व्यवस्था के तहत पीआरडी जवानों को छह महीने के अंतराल पर बदला जाता है। इसी के चलते जवान लगातार रोजगार और होमगार्ड की तर्ज पर भत्तों की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्राप्त ज्ञापन को एसडीएम के माध्यम से जिलाधिकारी को भेजा जाएगा।

बहरहाल, खटीमा में पीआरडी जवानों के कार्य बहिष्कार और धरना-प्रदर्शन के बीच अब सभी की निगाहें शासन के अगले निर्णय पर टिकी हैं। आंदोलनरत जवानों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

