
स्थान : गदरपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

तहसील क्षेत्र में पटवारियों की हड़ताल के चलते आय, जाति और स्थायी निवास सहित विभिन्न प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं। इससे आमजन, विद्यार्थियों और सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, प्रमाण पत्र नहीं बनने से प्रभावित कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) संचालकों ने सांकेतिक धरना-प्रदर्शन कर विरोध जताया।

कॉमन सर्विस सेंटर संचालक संगठन के जिलाध्यक्ष सुरजीत बत्रा ने कहा कि पटवारियों की हड़ताल के कारण सीएससी संचालकों का व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। प्रमाण पत्र नहीं बनने से संचालकों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो रहा है और वे अपनी दुकानों में तालाबंदी करने को मजबूर हैं।





उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की कि पटवारियों की हड़ताल का शीघ्र विकल्प तलाशकर प्रमाण पत्र जारी करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इससे आमजन को राहत मिलने के साथ ही सीएससी संचालकों का व्यवसाय भी प्रभावित होने से बच सकेगा।

संगठन के महामंत्री कैलाश चंद शर्मा ने कहा कि पटवारियों की हड़ताल के बाद प्रमाण पत्रों की जांच के लिए संग्रह अमीनों को विकल्प के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई थी। हालांकि, संग्रह अमीन संगठन ने भी प्रमाण पत्रों की जांच करने में असमर्थता जताते हुए हड़ताल कर दी है।



उन्होंने कहा कि इस स्थिति के चलते विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के भविष्य पर संकट मंडराने लगा है। मजबूर होकर कॉमन सर्विस सेंटर संचालकों को भी सांकेतिक धरना-प्रदर्शन करना पड़ रहा है।
संगठन के गदरपुर अध्यक्ष राजकुमार वर्मा ने कहा कि वर्तमान में पीसीएस समेत विभिन्न सरकारी पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इन भर्तियों में आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों को विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्रों की आवश्यकता पड़ रही है, लेकिन हड़ताल के चलते प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं।




उन्होंने बताया कि नंदा गौरा योजना में आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 नवंबर है। इसके अलावा छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी विद्यार्थियों को आय, जाति और स्थायी निवास प्रमाण पत्रों की आवश्यकता है। समय पर प्रमाण पत्र नहीं बनने से पात्र आवेदकों के योजनाओं से वंचित होने की आशंका बनी हुई है।

सीएससी संचालकों ने आरोप लगाया कि प्रमाण पत्र जारी नहीं होने से आमजन और विद्यार्थियों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई प्रभावी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। उन्होंने शासन से इस समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने की मांग उठाई।

धरना-प्रदर्शन कर रहे सीएससी संचालकों ने शासन-प्रशासन से पटवारियों और संग्रह अमीनों की हड़ताल के मद्देनजर प्रमाण पत्र जारी करने के लिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था लागू करने की मांग की। उनका कहना है कि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो विद्यार्थियों, बेरोजगार युवाओं और सीएससी संचालकों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

